व्यास इंस्टीट्यूट्स में पांच दिवसीय 'विप्रो मिशन 10 एक्स' प्रोग्राम शुरू
भास्कर न्यूज जोधपुर : अनुभवी और गुणी शिक्षक ही एक सक्षम इंजीनियर को तैयार कर सकता है। यह बात व्यास इंस्टीट्यूट्स ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में पांच दिवसीय फैकल्टी एंपावरमेंट प्रोग्राम के तहत आयोजित सेमिनार के पहले दिन सोमवार को विप्रो टेक्नोलॉजी की प्रतिनिधि गार्गी ने कही।
सेमिनार के बारे में जानकारी देते हुए व्यास इंजीनियरिंग कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेन्ट ऑफिसर पंकज जैन ने बताया कि विप्रो टेक्नोलॉजी कम्पनी द्वारा शिक्षकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए 'विप्रो मिशन 10 एक्स' प्रोग्राम की शुरुआत की गई है। इसमें जोधपुर के व्यास इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन सहित राजस्थान के चुनिन्दा कॉलेजों को शामिल किया गया है। प्रोग्राम के तहत इंजीनियरिंग से जुड़े शिक्षकों को शिक्षण पद्धति की नई तकनीकों से रूबरू कराया जाएगा।
इस पांच दिवसीय सेमिनार की औपचारिक शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। मुख्य अतिथि व्यास इंस्टीट्यूट्स ऑफ हायर एजुकेशन के चेयरमैन मनीष व्यास थे जबकि अध्यक्षता व्यास इंजीनियरिंग कॉलेज फॉर गल्र्स के प्राचार्य प्रो. बी.एस. सांखला ने की। व्यास इंस्टीट्यूट्स ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्राचार्य प्रो. जी.सी. सिंघल ने सेमिनार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विप्रो टेक्नोलॉजी की कंसल्टेंट गार्गी एवं सीनियर एग्जीक्यूटिव भुवन सुंदर ने शिक्षकों को नई तकनीकों एवं प्रणाली के बारे में बताया। उन्होंने वी-वॉइस, वर्बल कम्युनिकेशन एवं विजुअल इन्फॉर्मेशन पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनकी महत्ता प्रतिपादित की। इस अवसर पर गार्गी ने बताया कि मिशन 10-एक्स की शुरुआत डॉ. अजीम प्रेमजी से युवा टेक्नोक्रेट्स के रोजगार की संभावनाओं को विस्तार देने की आकांक्षा से की थी। टीचिंग स्किल्स व नए प्रोफेशनल्स को नौकरी पाने की क्षमता में दस गुना बढ़ोतरी ही इस मिशन का लक्ष्य है। इस सेमिनार में व्यास इंजीनियरिंग कॉलेज के 29, जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के 2 एवं जीत कॉलेज के 2 शिक्षक भाग ले रहे हैं।